चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 1879 में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरे यात्री ने हवा में ही विमान की खिड़की का अंदरूनी शीशा तोड़ डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंडीगढ़ से उड़ान भरने के बाद सब कुछ सामान्य था। जैसे ही विमान दिल्ली हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ और लैंडिंग की तैयारी शुरू हुई, एक यात्री अचानक हिंसक हो उठा। उसने अपनी सीट के पास वाली खिड़की के अंदरूनी पैनल पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
विमान के लैंड होते ही सीआईएसएफ और एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मी विमान के भीतर दाखिल हो गए। आरोपी यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने सुरक्षा घेरे को तोड़कर भागने का भी प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। प्राथमिक जांच और पूछताछ के बाद आरोपी यात्री को कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले किया गया।
एयर इंडिया ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। एयरलाइन के प्रवक्ता के अनुसार इस घटना को उग्र यात्री व्यवहार की श्रेणी में रखते हुए मामले को आंतरिक समिति के पास भेज दिया गया है। जांच पूरी होते ही यात्री पर हमेशा के लिए हवाई यात्रा करने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।