दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई शहर जहां जहरीली हवा से जूझ रहे हैं, वहीं चंडीगढ़ में इस साल प्रदूषण का असर अपेक्षाकृत कम रहा है। शहर की हरियाली और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के बीच मार्च से 12 नवंबर तक 257 दिनों में से 236 दिन एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 100 या इससे नीचे दर्ज किया गया।
केवल 21 दिन ही यह स्तर पार कर पाया। पिछले साल स्थिति बिल्कुल अलग थी। वर्ष 2025 में 365 दिनों में से 180 दिन एक्यूआई 100 से ऊपर रहा था।
वीरवार को शहर का औसत एक्यूआई 88 दर्ज किया गया। हालांकि, अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर एक जैसा नहीं रहा। सेक्टर-22 में एक्यूआई 78 और सेक्टर-53 में 73 रहा, जबकि सेक्टर-25 में यह 114 दर्ज किया गया। इस तरह सेक्टर-25 की हवा मध्यम प्रदूषित श्रेणी में पहुंच गई, जबकि अन्य दोनों केंद्रों पर वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार 51 से 100 तक एक्यूआई संतोषजनक और 101 से 200 तक मध्यम श्रेणी में आता है।
पिछले साल 180 दिन प्रदूषण की चपेट में रही हवा
वर्ष 2025 में जनवरी के ज्यादातर दिनों में एक्यूआई 200 से ऊपर रहा था। जुलाई, अगस्त और सितंबर को छोड़कर बाकी महीनों में अधिकांश दिन यह 100 के पार दर्ज किया गया। अगस्त ही ऐसा महीना था, जब पूरे महीने एक्यूआई 100 से नीचे रहा। पिछले साल 13 अक्तूबर के बाद प्रदूषण बढ़ना शुरू हुआ और नवंबर-दिसंबर में लगातार एक्यूआई 100 से ऊपर रहा। कई दिनों में यह 150 के पार भी पहुंचा था। इसके मुकाबले इस साल मार्च से अब तक 236 दिन एक्यूआई 100 के भीतर रहना राहत की बात है।
हरियाली और कम पटाखों से मिली मदद
चीफ कंजर्वेटर फॉरेस्ट सौरभ कुमार के मुताबिक, शहर की हरियाली और इस बार दिवाली पर लोगों की ओर से अपेक्षाकृत कम पटाखे जलाने से एक्यूआई नीचे रखने में मदद मिली। अभी सर्दियां भी पूरी तरह शुरू नहीं हुई हैं। सर्दियों में तापमान गिरने, हवा की गति कम होने और तापमान व्युत्क्रमण जैसी मौसमी परिस्थितियां बनने पर प्रदूषक जमीन के नजदीक जमा हो सकते हैं। इससे वायु गुणवत्ता बिगड़ने की आशंका रहती है।
कम उद्योग और हवाओं का रुख भी बना राहत का कारण
पीजीआई के पर्यावरण विशेषज्ञ प्रो. रविंदर खाईवाल के अनुसार, चंडीगढ़ में प्रदूषण कम रहने के पीछे कई भौगोलिक और शहरी कारण हैं। पंजाब और हरियाणा की ओर से चलने वाली हवाओं का पैटर्न शहर की वायु गुणवत्ता को प्रभावित करता है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों से प्रदूषण का क्षेत्रीय योगदान बहुत कम है। सुनियोजित शहरी संरचना और देश के सर्वाधिक हरियाली एवं वन क्षेत्र वाले शहरों में शामिल होना भी प्रदूषण कम रखने में मददगार है। इसके अलावा यहां प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयां कम हैं और नियम सख्त हैं। सीएनजी के इस्तेमाल और बेहतर वेस्ट मैनेजमेंट से भी वायु प्रदूषण नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
दिवाली पर 155 तक पहुंचा एक्यूआई
दिवाली के दिन चंडीगढ़ का एक्यूआई 155 दर्ज किया गया। इससे साफ है कि आतिशबाजी का असर शहर की हवा पर भी पड़ा और वायु गुणवत्ता मध्यम प्रदूषित श्रेणी में पहुंच गई। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के कई शहरों में एक्यूआई 400 के पार पहुंचने के मुकाबले चंडीगढ़ की स्थिति बेहतर रही। अब सर्दियों के साथ हवा की गुणवत्ता बनाए रखना चुनौती होगी। इसके लिए स्थानीय प्रदूषण स्रोतों पर नियंत्रण और नियमित निगरानी जरूरी है।