फगवाड़ा स्थानीय सिविल अस्पताल से एक लावारिस लाश का अंतिम संस्कार करने के लिए शव को कूड़े वाली गाड़ी में ले जाया गया था। मामले के सामने आने के बाद सरकार ने कार्रवाई की है।
फगवाड़ा में लावारिस शव को कचरा वाहन में ले जाने के मामले में पंजाब सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने इस मामले में सेनेटरी इंस्पेक्टर हितेश कुमार को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार स्थानीय निकाय विभाग के संज्ञान में यह मामला आया था कि कचरे की गाड़ी में अस्पताल से श्मशान घाट लावारिस शव ले जाया गया जिसके चलते ही विभाग ने यह कार्रवाई की है। मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। निलंबन के दौरान सेनेटरी इंस्पेक्टर हितेश को जालंधर नगर निगम में रिपोर्ट करना होगा। स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक कुलवंत की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।
फगवाड़ा के नगर निगम कर्मियों द्वारा लावारिस शव का अंतिम संस्कार करने के लिए कचरे वाली गाड़ी में डाल कर ले जाने का मामला सामने आया था। निगम कर्मचारियों ने बताया कि निगम द्वारा लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने ले जाने के लिए कचरे वाली गाड़ी का ही इस्तेमाल किया जाता है। निगम के पास कोई शव वाहन नहीं है और यह बात निगम के उच्चाधिकारियों को भी पता है।