दुगरी के रहने वाले नशा तस्कर राहुल के घर चलाया बुलडोजर
गांव तलवंडी में सोमवार को बुलडोजर चलाने की कार्रवाई को अंजाम देने के बाद पुलिस की टीम मंगलवार की सुबह दुगरी के भाई हिम्मत सिंह नगर इलाके में पहुंची। हूटर मारती पुलिस अधिकारियों और कई थानों की पुलिस फोर्स हिम्मत सिंह नगर में पहुंची तो एक बार लोग दहशत में आ गए। जिसके बाद पुलिस ने राहुल के घर के आगे के हिस्से को जो नशा बेच कर बनाया गया था उस पर बुलडोजर चलाया।
पुलिस ने नशा तस्कर राहुल के घर के आगे का सारा हिस्सा बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया। पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल ने बताया कि राहुल के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली गोलियां और ढाई लाख रुपये करीब की ड्रग मनी के साथ साथ एक्टिवा बरामद की गई थी। कमर्शियल क्वांटिटी बरामद होने के बाद उसके खिलाफ विभाग ने कार्रवाई शुरु कर दी थी। उन्होंने कहा कि राहुल अभी जेल में ही बंद है। उन्होंने कहा कि नशा बेचकर उक्त प्रापर्टी बनाई गई थी। जिसे तोड़ा गया है।
पूरे पंजाब में की जाएगी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल ने बताया कि यह अभी शुरुआत की गई है। पुलिस की कार्रवाई अभी ओर भी सख्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह ड्राइवर अकेले लुधियाना में ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब में की जाएगी। पंजाब से नशे को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा और जिसके लिए उक्त कार्रवाई जरुरी हो गई थी। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में नशा खत्म नहीं हो जाता इस धंधे में संलिप्त लोगों की प्रापर्टी पर ऐेसे ही बुलडोजर चलाया जाएगा।
लुधियाना की बात की जाए तो अकेले लुधियाना में सौ से ऊपर प्रापर्टी है जिन पर बुलडोजर चलाया जाना है और 78 प्रापर्टियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम कमिश्नर को चिट्ठी लिख दी गई है और उनका रिप्लाई आने के बाद आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने नशा तस्करी के धंधे में संलिप्त लोगों को चेतावनी दी है कि या तो वह पंजाब छोड़ दे या फिर नशा तस्करी का धंधा छोड़ दे। अगर नशा तस्करी की जाएगी तो पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।