राजकीय सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
देश की सीमाओं की 37 वर्षों तक रक्षा करने वाले बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह को बुधवार को कोटकपूरा के शांति वन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। ड्यूटी के दौरान भारत बंग्लादेश सीमा पर सिलीगुड़ी में आकाशीय बिजली गिरने से उनकी शहादत हो गई थी। उनके पार्थिव शरीर के पैतृक क्षेत्र पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। जवान पांच माह के बार रिटायर होने वाला था।
सीमा पर तैनाती के दौरान गिरी बिजली
मूल रूप से मोगा जिले के गांव ठट्ठी भाई निवासी बलबीर सिंह बीते करीब 37 वर्षों से बीएसएफ में सेवाएं दे रहे थे और इन दिनों वह कोटकपूरा की ढिल्लों कॉलोनी में रहते थे। दो दिन पहले वह सिलीगुड़ी में सीमा चौकी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और आकाशीय बिजली गिरने से वह शहीद हो गए। अंतिम संस्कार के दौरान बीएसएफ जवानों की टुकड़ी ने शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।