इशान अहमद 15 जुलाई की सुबह रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से मोटरसाइकिल पर निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। उसकी अंतिम लोकेशन फतेहगढ़ साहिब के गांव फिरोजपुर के पास भाखड़ा नहर के निकट मिली थी।
मंडी गोबिंदगढ़ के गोबिंदगढ़ पब्लिक स्कूल (जीपीएस) के 12वीं कक्षा के छात्र इशान अहमद का शव शनिवार को समाना-पातड़ां नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार इशान अहमद 15 जुलाई की सुबह रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से मोटरसाइकिल पर निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। उसकी अंतिम लोकेशन फतेहगढ़ साहिब के गांव फिरोजपुर के पास भाखड़ा नहर के निकट मिली थी। मामले की जांच कर रहे थाना मंडी गोबिंदगढ़ के एसएचओ संदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने 17 जुलाई को छात्र का मोटरसाइकिल भाखड़ा नहर के पास लावारिस हालत में बरामद किया था।
इशान के पिता नईम अहमद ने शनिवार सुबह ही अपने बेटे का सुराग बताने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से समाना क्षेत्र से गोताखोरों द्वारा एक शव मिलने की सूचना मिली। जब उन्हें मोबाइल पर भेजी गई तस्वीरें दिखाई गईं तो उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे इशान अहमद के रूप में की। यह दुखद समाचार मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
विज्ञापन
नईम अहमद ने अपने पुत्र का पोस्टमार्टम कराने की इच्छा जताते हुए पुलिस से मामले की हर पहलू से निष्पक्ष और गहन जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण हैं, इसका सच सामने आना चाहिए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।