फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहिबल कलां कांड: श्री अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार का SIT को बयान- सुखबीर बादल ने ली थी जिम्मेदारी

Thu, 11 Jun 2026 02:09 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

ज्ञानी रघुबीर सिंह के अनुसार, श्री अकाल तख्त साहिब के सामने सुखबीर बादल ने बहबलकला गोलीकांड को कबूल किया था। इस कबूलनामे की वीडियो रिकॉर्डिंग गई थी जो अकालतख्त में मौजूद है।
विज्ञापन
सुखबीर बादल की बढ़ी मुश्किलें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब के चर्चित बहिबल कलां फायरिंग मामले में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष व पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 
विज्ञापन


इस मामले की जांच कर रही एसआईटी के समक्ष श्री अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह ने बयान दिए हैं। इसमें उन्होंने कहा है कि श्री अकाल तख्त के सामने सुखबीर बादल ने इस मामले में जिम्मेदारी ली थी। इस कबूलनामे की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई थी। इसमें कहा था कि साजिश के तहत निहत्थे और बेगुनाहों पर गोलियां चलवाई गई थीं।

ज्ञानी रघुबीर ने इस बयान के साथ-साथ संबंधित वीडियो भी एसआईटी को उपलब्ध करवाया। एसआईटी ज्ञानी रघुबीर के इन बयानों के आधार पर पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर केस भी दर्ज कर सकती है। इसी मुद्दे पर पंजाब की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल जहां इसे अपने खिलाफ आप सरकार की बड़ी साजिश करार दे रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी भी बहिबल कलां कांड का ठीकरा बादल पर फोड़ रही है। उधर, कांग्रेस भी इस मुद्दे पर चुटकी लेते हुए सरकार से पूछ रही है कि इस गोली कांड के दोषियों को सजा कब तक मिलेगी।

क्या बोले आप नेता

आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि बहिबल कलां फायरिंग केस में हुए नए खुलासों ने शिअद लीडरशिप की बेअदबी की घटनाओं और उसके बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस फायरिंग के लिए जवाबदेही से बचने की कोशिशों को बेनकाब कर दिया है।
विज्ञापन


एसआईटी के सामने अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के बयान का हवाला देते हुए पन्नू ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल ने श्री अकाल तख्त साहिब की मौजूदगी में बहिबल कलां फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी ली थी और माफी मांगी थी। अब बादल का इससे इन्कार करना उनके अपने कबूलनामे के बिल्कुल उलट है। पन्नू ने दावा किया कि सुखबीर के कबूलनामे की वीडियो रिकॉर्डिंग श्री अकाल तख्त साहिब के पास सुरक्षित है। सिखों की सर्वोच्च अदालत के सामने जुर्म कबूल करना और फिर सार्वजनिक रूप से इससे इन्कार करना इस संस्था की गरिमा का अपमान है।

विज्ञापन

न एफआईआर से डरता हूं, न जेल जाने से : बादल

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरवाल और सीएम भगवंत सिंह मान पार्टी के बढ़ते जनाधार से घबरा गए हैं। बादल ने चुनौती देते हुए कहा, सरकार उनके खिलाफ जितने मर्जी मामले दर्ज कर लें, वे डरने वाले नहीं हैं।

बादल ने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह के साथ मिलीभगत कर उन्हें एक झूठे मामले में फंसाने का नया प्रयास किया जा रहा है। वे न तो मामला दर्ज होने से डरते हैं और न ही जेल जाने से। सच्चाई यह है कि पूर्व अकाल तख्त के जत्थेदार आप पार्टी के सक्रिय सदस्य बन चुके हैं और इसी कारण वे तख्त के सामने रखे उनके शब्दों एवं भावनाओं को गलत तरीके से तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं।

सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही : वड़िंग

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि इस मामले में उचित कार्रवाई करने में दूरी क्यों की जा रही है, क्या यह सरकार की सुस्ती का नतीजा है। साढ़े चार साल बीत जाने और तत्कालीन गृह मंत्री व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बावजूद सरकार कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें