कांग्रेसी सांसदों ने अनुसूचित जाति आयोग को दिया ज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेसी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) को एक ज्ञापन सौंपकर बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज की शिकायत की। उन्होंने इस कथित कार्रवाई के मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग भी की है। एनसीएससी के अध्यक्ष किशोर मकवाना के नाम दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि जायज अधिकारों और मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग किया, जिसमें लाठीचार्ज भी शामिल था।
इस दौरान पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सफाई कर्मचारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के लिए पंजाब सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, सीएम मान इस मामले में जिम्मेदारी तय करें। प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य सांसदों डॉ. अमर सिंह, डॉ. धर्मवीर गांधी और गुरजीत सिंह औजला ने कहा, प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों की शिकायतें सुनने के बजाय जिला प्रशासन और पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे कई सफाई कर्मचारी घायल हो गए।
सांसदों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह अनुसूचित जाति समुदाय के सदस्यों के सांविधानिक अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। ज्ञापन में कानून के अनुसार जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की गई है और आयोग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की गई है।