मोगा के कोटकपूरा बाईपास स्थित बाबा शिवम नाथ के डेरे की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में बाबा शिवम नाथ एक बुजुर्ग महिला का टोटके से इलाज करने का दावा करते नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला को ऑक्सीजन लगी हुई थी। बाबा ने दरबार में मौजूद लोगों के सामने कहा कि उसके पास आने के बाद महिला को किसी ऑक्सीजन की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके बाद बाबा ने महिला की नाक से ऑक्सीजन की नली उतरवा दी।
हालांकि कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। यह देखकर बाबा ने सफाई दी कि आज कोई रास्ता नहीं दिख रहा। जब महिला की हालत ज्यादा खराब होने लगी तो ऑक्सीजन की नली दोबारा लगाई गई।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि ये बाबा शिवम नाथ हर गुरुवार और रविवार को अपने डेरे में चौकी लगाते हैं। वहां आने वाले लोगों के इलाज की वीडियो रिकॉर्ड की जाती है और फिर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की जाती है।
अब बाबा की यह वीडियो वायरल हो चुकी है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने अंधविश्वास फैलाने पर नाराजगी जताई है, जबकि कुछ लोग अभी भी बाबा पर विश्वास बनाए हुए हैं।