अमृतसर में गणतंत्र दिवस की धूम
अमृतसर के गुरु नानक स्टेडियम में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, जोश और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में पंजाब सरकार के जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भव्य परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर एडीजीपी एनआरआई आरएस जसवाल, डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह सहित पुलिस व प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान पंजाब पुलिस, महिला टुकड़ी, होमगार्ड और पुलिस बैंड द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।इसके बाद विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कोरियोग्राफी, भंगड़ा, गिद्दा और देशभक्ति गीतों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों और समाजसेवियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि गुरु रामदास जी की पावन धरती अमृतसर में गणतंत्र दिवस मनाना गर्व की बात है। आम आदमी पार्टी सरकार ने ईमानदारी से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नशे के खिलाफ अभियान को प्राथमिकता दी है। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। समारोह के अंत में सभी ने देश के शहीदों को नमन करते हुए एकजुट और विकसित पंजाब के निर्माण का संकल्प लिया।