होशियारपुर के मुकेरियां थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में सेना में तैनात जवान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश कुमार के रूप में हुई है, जो आर्मी कैंट उच्ची बसी स्थित फायर ब्रिगेड यूनिट में कार्यरत था। मृतक दिनेश कुमार हिमाचल प्रदेश का रहने वाला था।
शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार निवासी गांव बरनाली (हिमाचल प्रदेश) ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी की सुबह उसका भाई दिनेश कुमार मोटरसाइकिल नंबर एचपी-36-एप-6574 पर ड्यूटी के लिए जा रहा था। प्रदीप कुमार भी दूसरी मोटरसाइकिल पर उसके पीछे आ रहा था। जैसे ही वे एसपीएन कॉलेज, आर्मी ग्राउंड के समीप पहुंचे तभी पीछे से आ रहे ट्रक नंबर जेके-02-एएन-8703 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए दिनेश की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिनेश सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फाजिल्का में खड़ी ट्राली से टकराई कार, युवक की मौत
फाजिल्का जिले के गांव जोड़ की अंधेवाली के नजदीक खड़ी ट्राली से कार की टक्कर हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई। कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग ढाणी से गांव को जा रहे थे। सभी कार सवार घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर डॉक्टर ने युवक जगसीर सिंह को मृत घोषित दिया, जबकि बाकियों का उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
चरण सिंह ने बताया कि उक्त लोग कार पर एक ही परिवार के पांच लोग गांव जोड़की अंधेवाली को वापिस आ रहे थे कि गांव के पास फुमन सिंह की ढाणी के नजदीक कार की खड़ी ट्राली के साथ टक्कर हो गई। इस दौरान कार सवार सभी लोग घायल हो गए। हालांकि हादसे में परिवार के एक व्यक्ति जगसीर सिंह (35 वर्षीय) की मौत हो गई। जबकि चार घायलों को उपचार के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।