फिरोजपुर में एएनटीएफ ने सीमावर्ती गांव चक मेघा वेरान (गोलूका मोड़) के नजदीक से बाइक सवार दो आरोपियों को हेरोइन के 30 पैकेटों के साथ काबू किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 15 किलो हेरोइन बरामद हुई है।
विज्ञापन
खुफिया सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना मिलने पर सुरक्षा एजेंसी ने गांव चक मेघा वेरान (गोलूका मोड़) के पास घेराबंदी कर बाइक सवार दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद एक काले बैग से हेरोइन के 30 पैकेट बरामद हुए, जो सफेद रंग के थे। प्रत्येक पैकेट में आधा किलो हेरोइन थी। कुल हेरोइन पंद्रह किलो बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से फिरोजपुर के ममदोट क्षेत्र में पहुंचाई गई थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरभजन सिंह और सियामन के रूप में हुई है। सुरक्षा एजेंसी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और नशे की खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।