राजा वड़िंग की पत्नी अमृता कौर वड़िंग
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की धर्मपत्नी अमृता कौर वड़िंग ने विधानसभा चुनाव 2027 में मुक्तसर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर दी है। शुक्रवार की देर रात रेडक्रास भवन में श्री राम सेवा समिति की ओर से आयोजित श्री रामलीला मंच से सियासत करते हुए बातों ही बातों में मुक्तसर से आगामी चुनाव लड़ने का इशारा दे डाला। रामलीला के मंच से संबोधित करते हुए अमृता वड़िंग ने कहा कि उनकी सारी जिंदगी गिद्दड़बाहा में सियासी तौर पर विचरी (गुजरी) है।
मैं हूं मुक्तसर की बेटी: अमृता वड़िंग
अमृता वड़िंग ने कहा उनकी व अमरिंदर सिंह वड़िंग की यह जन्मभूमि है। हमारा घर, पैके, यहीं हैं और मैं यहीं कि बेटी हूं। सभी रिश्तेदारियां यहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने जो भी चुनाव लड़ा, चाहे गिद्दड़बाहा, बठिंडा हो लुधियाना हो उसमें मुक्तसर के लोगों का हमेशा अहम योगदान रहा है। जिंदगी में पहली बार बताना चाहती हूं कि आज तक मुक्तसर की तरफ ध्यान नहीं दिया, मगर पहली बार मुक्तसर की तरफ सियासी तौर पर ध्यान दे रही हैं, इच्छा यह है कि संगतों का साथ रहा तो जैसे गिद्दड़बाहा में विकास हुआ है, वैसे मुक्तसर का विकास करना है। अमृता वड़िंग के इस बयान ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्मा दिया कि रामलीला के मंच से वह मुक्तसर से आगामी चुनाव लड़ने का इशारा कर गई हैं। रामलीला के दौरान दर्शकों के बीच भी यही काना-फूसी व चर्चा का विषय बन गया।