होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग पर मंगूवाल के पास एक एम्बुलेंस के गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक बुजुर्ग और उनके दो दामाद शामिल हैं जबकि उनकी बेटी व एंबुलेंस चालक जख्मी हैं।
जानकारी के अनुसार, हृदय रोगी ओंकार चंद निवासी गंगात, जिला कांगड़ा को उनकी बेटी रेणु बाला और दामाद राकेश कपूर निवासी नूरपुर और संजीव कुमार निवासी मथियार, जिला कांगड़ा एक निजी एंबुलेंस में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा से डीएमसी लुधियाना ले जा रहे थे।
बैरिकेड्स से टकराई एंबुलेंस
जब एंबुलेंस होशियारपुर-चिंतपूर्णी मार्ग पर मंगूवाल के पास पहुंची तो बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़क पर सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स से टकराकर एंबुलेंस गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोग और मंगूवाल चौकी पर खड़े पुलिस कर्मी खाई में उतरे और एंबुलेंस में सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला। हादसे में ओंकार चंद, संजीव कुमार और राकेश कपूर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रेणु बाला और एंबुलेंस चालक बॉबी चौहान को गंभीर रूप से घायल अवस्था में होशियारपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिए गए। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। घटना का पता चलते ही होशियारपुर के विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े तीन-चार बजे सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश से आ रही एक एंबुलेंस होशियारपुर में चिंतपूर्णी रोड पर मंगूवाल बैरियर के पास खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।