ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन से पूछताछ के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मामले में उनके छह करीबियों से पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी ने सभी छह लोगों को समन जारी कर रविवार को सीबीआई ऑफिस में पेश होने के निर्देश दिए हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन से पूछताछ के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मामले में उनके छह करीबियों से पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी ने सभी छह लोगों को समन जारी कर रविवार सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित सीबीआई कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
यह मामला पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और ट्रांसफर-पोस्टिंग में अनियमितताओं के आरोपों की जांच से संबंधित है। सीबीआई इस मामले में घुम्मन और पांच अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घुम्मन शुक्रवार को सीबीआई के सेक्टर-30 स्थित कार्यालय में पेश हुए थे, जहां उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई।
अब जांच एजेंसी उनके करीबियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी। सीबीआई की जांच में सरकारी अधिकारियों की पोस्टिंग, टेंडर और अन्य प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित करने के बदले कथित आर्थिक लाभ लेने के आरोप शामिल हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।