पंजाब सरकार ने प्रशासनिकतं फेरबदल करते हुए एक आईएएस और 13 पीसीएस अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में कई उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के साथ अतिरिक्त उपायुक्त और नगर निगम आयुक्त स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को बिना ज्वाइनिंग टाइम लिए तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के तहत 2024 बैच की आईएएस अधिकारी पीयूष बर्डक को एसडीएम अजनाला लगाया गया है। इससे पहले वह शहरी विकास विभाग में ओएसडी के पद पर तैनात थीं। पीसीएस अधिकारी ज्योति बाला मट्टू को नगर निगम होशियारपुर के आयुक्त पद से हटाकर एडीसी (ग्रामीण विकास), फाजिल्का लगाया गया है। मनजीत सिंह चीमा को एडीसी (ग्रामीण विकास), मलेरकोटला नियुक्त किया गया है।
मनकंवरपाल सिंह चहल आरटीओ लुधियाना के साथ सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए), जालंधर का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। दीपक भाटिया को एसडीएम आदमपुर, इनायत को पुडा में अतिरिक्त मुख्य प्रशासक (नीति) और जसलीन कौर को एसडीएम धूरी लगाया गया है। अशोक कुमार को एसडीएम पठानकोट तथा प्रीतइंदर सिंह बैंस को नगर निगम होशियारपुर का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसी तरह सचिन पाठक को एसडीएम गुरदासपुर, सारंगप्रीत सिंह औजला को सहायक कमिश्नर (जनरल), गुरदासपुर के साथ आरटीओ गुरदासपुर का अतिरिक्त प्रभार और ज्योत्स्ना सिंह को एसडीएम बटाला लगाया गया है। मनदीप सिंह मान को एसडीएम मुकेरियां नियुक्त किया गया है। परमिंदर कौर को शहीद भगत सिंह नगर की सहायक आयुक्त लगाया गया है।
राजस्व विभाग में 114 अधिकारियों के तबादले
पंजाब सरकार ने राजस्व प्रशासन में बदलाव करते हुए 10 जिला राजस्व अधिकारियों (डीआरओ), 25 तहसीलदारों और 79 नायब तहसीलदारों समेत कुल 114 अधिकारियों के तबादले किए हैं। सरकार ने नई तैनाती की सूची जारी कर दी है।