पंजाब के बठिंडा स्थित गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी की रामसरा रोड स्थित टाउनशिप में मंगलवार को एसटीपी की सफाई करने के दौरान निम्बस हार्बर नामक कंपनी के तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार एक दूसरे को बचाने के चक्कर में तीनों मजदूरों ने अपनी जान गंवा ली।
जानकारी के अनुसार टाउनशिप में एसटीपी की सफाई चल रही थी। इस दौरान काम कर रहे मजदूरों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। सूचना मिलते ही सेहत व सुरक्षा टीम मौके पर पहुंचकर प्रभावित मजदूरों को तुरंत एम्स अस्पताल बठिंडा ले जाया गया, जहां पर तीन मजदूरों को मृत करार दे दिया गया। जबकि एक व्यक्ति की हालत खतरे से बाहर है। मृतकों की पहचान सुखपाल सिंह, राजविंदर सिंह और अस्तर अली के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक दूसरे को बचाने के चक्कर में तीन मजदूरों की हुई मौत
सूत्रों के अनुसार सफाई के दौरान एक मजदूर को सांस लेने ज्यादा दिक्कत होने लगी तो उसको बचाने के लिए दूसरा मजदूर ट्रीटमेंट प्लांट में उतरा तो उसे भी सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसी दौरान तीसरा मजदूर दोनों को बचाने के लिए उतरा तो वो प्लांट की गैस का शिकार हो गया। गैस चढ़ने से तीनों की मौत हो गई। तलवंडी साबो के डीएसपी राजेश सनेही का कहना था कि पुलिस ने मृतकों एवं घायल के परिजनों को सूचित कर दिया है। जब उनके परिजन आ जाएंगे तो उनके बयान अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।