पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अब सबकी निगाहें 26 नवंबर पर टिक गई हैं। आम आदमी पार्टी अपने 14वें स्थापना दिवस पर मोगा में मैगा रैली करने जा रही है। इस रैली की सबसे खास बात यह होगी कि पार्टी के अब तक घोषित सभी 71 उम्मीदवार एक ही मंच पर नजर आएंगे। उनके साथ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी मौजूद रहेंगे।
पार्टी इस बड़े आयोजन के जरिए पूरे पंजाब को अपना चुनावी संदेश देने की तैयारी में है। पंजाब की राजनीति में यह पहला बड़ा मौका होगा, जब आप के घोषित 71 उम्मीदवार राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ एक मंच साझा करेंगे। इसके अलावा सभी हल्का इंचार्ज की भी भागीदारी दिखाई देगी। पार्टी के लिए यह आयोजन सिर्फ एक जनसभा नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने उम्मीदवारों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साथ लाने का बड़ा अवसर है। जहां से पूरे पंजाब में सियासी ताकत का संदेश दिया जा सके।
मोगा को इस रैली के लिए चुनने के पीछे भी खास राजनीतिक महत्व है। मालवा के बीच स्थित मोगा पंजाब की बड़ी राजनीतिक रैलियों का पुराना केंद्र रहा है। यहां से लुधियाना, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला जैसे जिलों का संपर्क है। जालंधर के रास्ते दोआबा तक भी इसकी पहुंच है। ऐसे में मोगा की धरती से उठने वाला राजनीतिक संदेश मालवा के साथ दोआबा और माझा तक पहुंचाने की तैयारी है।
पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 69 मालवा, 23 दोआबा और 25 माझा में आती हैं। आम आदमी पार्टी ने अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है। इससे साफ है कि पार्टी चुनाव से पहले उम्मीदवारों की घोषणा और संगठन की तैयारियों को एक साथ आगे बढ़ा रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पंजाब की 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में बनी सरकार अब अपने करीब पांच साल के कामकाज के साथ जनता के सामने जाने की तैयारी कर रही है। मोगा की रैली में इसी कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब सरकार ने मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, 10 लाख तक फ्री इलाज, विश्वस्तरीय सरकारी स्कूल और रोजगार से जुड़े फैसलों को अपनी प्रमुख पहलों में रखा है। 26 नवंबर को पार्टी नेतृत्व इन योजनाओं और सरकार की ओर से किए गए कामों का ब्यौरा जनता के सामने रखेगा। इसके साथ ही पंजाब के अगले पांच वर्षों के विकास का रोडमैप भी सामने आने की उम्मीद है।
रैली में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का एक मंच पर आना भी महत्वपूर्ण होगा। भगवंत मान पंजाब सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि केजरीवाल राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की चुनावी रणनीति से जुड़े हैं। दोनों नेताओं के संबोधन में सरकार के कामकाज के साथ पंजाब के भविष्य, किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जोर रहने की संभावना है। इस रैली का एक बड़ा मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करना भी होगा।