राज्य में साइबर सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों को शामिल करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार ने एक सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (एसओसी) स्थापित करने का निर्णय लिया है। 42.07 करोड़ रुपये की लागत से यह सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसे पंजाब राज्य ई गवर्नेस सोसाइटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की तरफ से मंजूरी दी गई है।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चंडीगढ़ स्थित मैगसीपा में वीरवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेंटर बनने से राज्य उच्चस्तर की साइबर सुरक्षा क्षमताओं से लैस होगा। डिजिटल युग में बढ़ते और व्यापक होते साइबर खतरों को ध्यान में रखते हुए सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना समय की जरूरत बन गई है।
इस दौरान मंत्री ने सभी डिप्टी कमिश्नरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक भी की। इसमें उन्होंने नागरिक सेवाओं को और अधिक कुशलतापूर्वक प्रदान करने के उद्देश्य से प्रमुख प्रशासनिक सुधारों और रणनीतियों का जायजा लिया।
उन्होंने नागरिक सेवाओं के मामलों में डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिया कि वे जिला स्तर पर लंबित मामलों की नियमित निगरानी और समीक्षा सुनिश्चित करें। अनावश्यक आपत्ति लगाकर आवेदन वापस भेजने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की पहचान करें और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें इस संबंधी कठोर निर्देश जारी करें। सरपंचों, नंबरदारों और नगर पार्षदों द्वारा आवेदनों की ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अरोड़ा ने कहा कि 1 फरवरी, 2025 से दस्तावेजों की ऑफलाइन सत्यापन प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
इमरजेंसी पर बोले, किसी को भी भावनाओं को ठेस पहुंचाने नहीं देंगे
इमरजेंसी पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसजीपीसी के लेटर पर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब की अमन शांति को खतरा और प्रदेश के भाईचारे की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला काम किसी को नहीं करने दिया जाएगा। मैंने इमरजेंसी का ट्रेलर व एसजीपीसी का लेटर अभी नहीं देखा है। सरकार के पास यह लेटर आ जाए, उसके बाद ही वह कोई कमेंट या कार्रवाई कर पाएंगे।
पुलिस हर मामले को सुलझाने में सक्षम
अरविंद केजरीवाल को टारगेट करने पर अरोड़ा ने कहा कि यह भाजपा की हार की निशानी है। उन्होंने भाजपा पर जाली वोटें बनवाने का भी आरोप लगाया। पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर पर उठ रहे सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस हर मामले को सुलझाने में सक्षम है।
बिट्टू को अपनी गाड़ी में किसानों के पास छोड़ आऊंगा
किसानों के साथ बातचीत न करने पर अरोड़ा ने केंद्र पर हमला बोला। साथ ही केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिट्टू को यदि नहीं पता किसान नेता कहां बैठें हैं तो मैं उनको किसानों के पास अपनी गाड़ी में बैठा कर छोड़ आऊंगा।