फिरोजपुर में देह व्यापार का खुलासा
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
फिरोजपुर थाना सिटी पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर चलाए जा रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर अमित निवासी चंडीगढ़ को नामजद किया गया है, जबकि चंदन अरोड़ा उर्फ माही, हरकरण सिंह, साजन, अंजू गिरी, कशिश, नेहा श्रीवास्तव, गीता और जूली को भी गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि हाउसिंग बोर्ड कालोनी, फिरोजपुर शहर में अमित द्वारा स्पा सेंटर चलाया जा रहा है। आरोप है कि स्पा सेंटर की आड़ में गैर-मर्दों और महिलाओं को ग्राहक के तौर पर बुलाकर उनसे कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां करवाई जाती थीं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर से आरोपियों को काबू किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि स्पा सेंटर संचालक कथित रूप से देह व्यापार के जरिए आर्थिक लाभ कमाता था और उसकी आय का मुख्य स्रोत यही गतिविधियां थीं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्पा सेंटर में यह गतिविधियां कब से चल रही थीं। मामले की जांच जारी है।