चंडीगढ़ के रियल एस्टेट बाजार में अब तक की सबसे बड़ी कॉमर्शियल डील हुई है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के एलांते मॉल में तीन प्रीमियम ऑफिस स्पेस 196 करोड़ रुपये से अधिक में बिके हैं। खास बात यह है कि यह सौदा सरकारी कलेक्टर रेट से 127 फीसदी अधिक कीमत पर हुआ जिसने शहर के प्रॉपर्टी बाजार में नया बेंचमार्क बनाया है।
इन संपत्तियों का कुल कलेक्टर रेट 86.17 करोड़ रुपये था लेकिन निवेशकों ने प्राइम लोकेशन के चलते कहीं ज्यादा कीमत चुकाई। प्रॉपर्टी बाजार के जानकारों के मुताबिक यह डील आर्थिक उतार-चढ़ाव के बावजूद चंडीगढ़ के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में निवेशकों का भरोसा मजबूत बताती है। एस्टेट कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह की प्रीमियम डील यह साबित करती है कि चंडीगढ़ का कॉमर्शियल सेक्टर निवेश के लिहाज से बेहद आकर्षक बना है। इससे प्रशासन के राजस्व में भी बड़ा इजाफा हुआ है और बाजार को नई दिशा मिली है।
ऑटोमोबाइल कारोबारी ने किया बड़ा निवेश
यह प्रॉपर्टी शहर के एक प्रमुख ऑटोमोबाइल कारोबारी परिवार ने खरीदी है। इस डील के साथ ही प्रशासन को 9.81 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और 30 हजार रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस मिली है।