बीसीए की छात्रा थी अर्शप्रीत
मृतका की पहचान हरदयाल नगर, जैतो निवासी अर्शप्रीत कौर पुत्री इकबाल सिंह के रूप में हुई है। वह बठिंडा के डीएवी कॉलेज में बीसीए की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह रेलवे स्टेशन के पास से बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान बिसनन्दी रोड स्थित रेलवे फाटक की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
चाय की स्टॉल में घुसी कार
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी चाय की स्टॉल से जा भिड़ी। हादसे में अर्शप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं स्टॉल संचालक बॉबी और उसका भाई प्रिंस कुमार भी हादसे में घायल हुए हैं।
फाटक बंद होने पर मोड़ दी कार
घायल बॉबी और प्रिंस कुमार ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। उनके अनुसार, कार पहले बाजार से रेलवे फाटक की तरफ गई थी, लेकिन फाटक बंद होने के कारण चालक ने कार को तेज गति से वापस बाजार की ओर मोड़ दिया। इसी दौरान कार ने छात्रा को टक्कर मार दी और बाद में चाय की स्टॉल में जा घुसी।
कार का पीछा कर रही थी पुलिस
घायलों का यह भी दावा है कि पुलिस कार का पीछा कर रही थी। सूचना मिलने पर थाना जैतो पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा घटनास्थल और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और बयानों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।