पंजाब में 2 अप्रैल को भारत बंद के कारण रद्द की गई बोर्ड परीक्षा की नई तारीख्ा जारी कर दी गई है। इस संबंध में सीबीएसई ने नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि दसवीं और बारहवीं की परीक्षा अब 27 अप्रैल को होगी।
बोर्ड के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन के के चौधरी के अनुसार, 27 अप्रैल को दसवीं की फ्रैंच, संस्कृत, उर्दू कोर्स-बी की, जबकि बारहवीं में हिंदी इलेक्टिव, गुजराती, नेपाली, कश्मीरी व हिंदी कोर भाषा की परीक्षा होगी। यह पूर्व में निर्धारित समय अनुसार ही 10:30 से 1:30 बजे तक होगी।
पहले के ही रोल नंबर व केंद्र पर ही परीक्षा का आयोजन होगा। दरअसल, 2 अप्रैल को भारत बंद के चलते पंजाब सरकार ने बोर्ड से राज्य में परीक्षा रद करने का आग्रह किया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा रद कर दी थी। वहीं, अब तक नई परीक्षा तिथि जारी न होने से बच्चे व अभिभावक परेशान थे नई तिथि आने से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।