शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अमृतसर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जो भी उम्मीदवार लोकसभा चुनाव के लिए खड़ा किया जाएगा अकाली दल उसे समर्थन करते हुए इस सीट से विजयी बनाएगा।
सुखबीर अपने अमृतसर दौरे के दौरान मीडिया के साथ बातचीत कर रहे थे। सुखबीर ने कहा कि लोकसभा के चुनाव पंजाब में विकास के मुद्दे और केंद्र सरकार की ओर से जनता का लूटने के विषय पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल करने का मामला भाजपा का आंतरिक मामला है। सांसद सिद्धू का मामला भी अब खत्म हो गया है।
सुखबीर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा अगले दो महीनों के दौरान 5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को दो लाख कनेक्शन दिने का निर्णय लिया गया है। इसकी प्रक्रिया रबी के सीजन तक पूरी कर ली जाएगी। 10 अक्तूबर से सरहद पार की जमीनों का प्रति एकड़ तीन हजार रुपये मुआवजा किसानों को दे दिया जाएगा।
गांव फतेहपुर में 153.25 करोड़ की लागत से बनने वाले केंद्रीय सुधारघर के संबंध में उन्होंने कहा कि 2200 कैदियां की क्षमता वाली यह जेल 67 एकड़ क्षेत्र में बनाई जानी है। इसमें कैदियों की सुविधा के लिए खेल के मैदान नशा मुक्ति केन्द्र, अस्पताल, मल्टी परपज हाल, ट्रेनिंग सेंटर, डिस्पेंसरी, धार्मिक स्थान, बालवाड़ी आदि का प्रंबंध किया जाना है।