फरीदकोट। बेरोजगार लाइनमैनों ने पावरकॉम में नियुक्ति पत्र के लिए संघर्ष के तहत 21 मार्च को पटियाला में परिवारों समेत प्रदेश स्तरीय रोष प्रदर्शन करने का फैसला किया है। ब्लाक स्तर पर इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह जानकारी बेरोजगार लाइनमैन यूनियन के जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह मढ़ाक, जिला महासचिव हरप्रीत सिंह कोटकपूरा और ब्लाक अध्यक्ष इकबाल सिंह ने दी। वे बुधवार को भान सिंह कालोनी में ब्लाक फरीदकोट के बेरोजगार लाइनमैनों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पहले शुरू हुई पांच हजार लाइनमैनों की भर्ती प्रक्रिया को राज्य सरकार व पावरकॉम के अधिकारियों ने बिना वजह उलझा रखा है और अभी तक सिर्फ एक हजार को ही नियुक्त किया गया है। इस मामले में 22 फरवरी को उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस भी स्पष्ट आदेश दे चुके है कि इस भर्ती प्रक्रिया पर कोई रोक नहीं है। उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद पावरकॉम ने यूनियन को 18 मार्च तक बाकी रहते चार हजार की मेरिट सूची जारी करने व नियुक्ति पत्र देने का भरोसा दिया है। यदि वादे के मुताबिक मेरिट सूची जारी नहीं की गई तो 21 मार्च को पावरकॉम के पटियाला स्थित मुख्यालय के आगे परिवारों समेत रोष धरना दिया जाएगा। इस मौके पर माघी मेले के संघर्ष में एक माह फरीदकोट जेल में बिता कर रिहा हुए बेरोजगार लाइनमैनों व उनके पारिवारिक सदस्यों को सिरोपे देकर सम्मानित किया गया। बैठक में राज्य सरकार से प्रदेश से गिरफ्तार किए गए किसानों को बिना शर्त रिहा करने की मांग की गई।