पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि हरियाणा के सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा को चंडीगढ़ पर हक जताने से पहले यह याद रखना चाहिए कि पेरेंट राज्य होने के नाते चंडीगढ़ पंजाब का है।
हुड्डा के बयान पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह पंजाब पर हक जताने के बारे में भी बयान दे सकते हैं।
बादल स्थानीय ज्ञानी जैल सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी कैंपस में 24 करोड़ की लागत से बनने वाले स्टूडेंट्स केंद्र और लड़कों के हॉस्टल का नींव पत्थर रखने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान सीएम ने माडल टाउन के फेज तीन में खेती विरासत मिशन द्वारा आयोजित कुदरती खेती और वातावरण मेला 2013 का भी उद्घाटन किया।
केंद्र द्वारा लाए जा रहे खाद्य सुरक्षा कानून पर बादल ने कहा कि केंद्र सरकार ने कभी कड़ी मेहनत से पैदा किए किसान के अनाज को संभालने के लिए संजीदा कदम नहीं उठाए।
उन्होंने पंजाब की मिसाल देते हुए कहा कि पंजाब में पैदा अनाज को केंद्र ने संभालने की जिम्मेदारी कभी नहीं निभाई। उन्होंने कहा कि केंद्र ने अनाज भंडारण की क्षमता बढ़ाने के लिए पंजाब के प्रस्तावों को मंजूरी देने में हमेशा आनाकानी की है।