संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। विधानसभा हलका दीनानगर के अधीन आते कस्बा बहरामपुर में तेज रफ्तार ट्रक के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर भेज दिया है। मृतक की पहचान साहिल महाजन पुत्र अशोक महाजन निवासी गुरुद्वारा वाली गली छोटा बाजार बहरामपुर के रूप में हुई है।
मृतक के भाई अखिल महाजन ने बताया कि उसका भाई साहिल महाजन अपने घर से आरे वाला चौक बहरामपुर के दशहरा ग्राउंड के पास गोल-गप्पों की रेहड़ी के पास खड़ा था। इसी बीच गुरदासपुर साइड से एक तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल गुरदासपुर में पहुचांया, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत करार दिया। पुलिस ने ट्रक चालक सुखदेव कुमार पुत्र चरणदास निवासी जोगर के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर अगली कार्रवाई आरंभ कर दी है।