घरिंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो साल पहले 2021 में जारी करवाई थी एलओसी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। विदेश में दवाएं सप्लाई करने व करीब तीन करोड़ की ठगी मामले में घरिंडा पुलिस ने जालंधर स्थित कपूरथला रोड पर लैदर कांप्लेक्स निवासी सतविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से काबू किया। दो साल पहले 2021 में धोखाधड़ी की एफआइआर दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने सतविंदर और उसके पिता मक्खन सिंह की एलओसी जारी करवाई थी।
डीएसपी परवेश कुमार ने बताया कि सतविंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब उसके पिता को भी जल्द काबू कर लिया जाएगा। आरोपी के कब्जे से ठगी के मामले की राशि बरामद किया जाना बाकी है। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ करने के बाद अदालत के आदेशों पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी मुताबिक रंजीत एवेन्यू सी ब्लाक निवासी राजन ने घरिंडा पुलिस को बताया था कि उनका दवाओं का कारोबार है। आरोपी सतविंदर सिंह और उसका पिता मक्खन सिंह साल 2012 में उन्हें मिला। आरोपियों ने उन्हें बताया कि वह उन्हें उजबेकिस्तान में दवाएं सप्लाई करे। इसमें उसे काफी फायदा होगा।
उन्होंने आरोपियों की बताई फर्म के नाम दवाएं भेजनी शुरू कर दीं। पहले तो आरोपी दवाओं का भुगतान करते रहे। लेकिन 2017 तक दोनों ने उनके 2.98 करोड़ रुपये देने से मना कर दिया। आरोपियों के पैसों का भुगतान करने से इन्कार करने पर उन्होंन पुलिस को शिकायत दी। घरिंडा पुलिस ने 24 दिसंबर 2021 को आरोपी सतविंदर सिंह और उसके पिता मक्खन सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। आरोपी सतविंदर सिंह एफआइआर दर्ज होने के बाद विदेश भाग गया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ एलओसी जारी करवा दी।