अमृतसर। न्यू अमृतसर इलाके में 15 नवंबर की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर लिया। आरोपी वीरू, निवासी फ्लैट नंबर 57, न्यू अमृतसर को थाना मकबूलपुरा की पुलिस ने गिरफ्तार किया और चोरी का सारा कीमती सामान बरामद कर लिया। एसीपी ईस्ट गगनदीप सिंह ने बताया कि पंकज अटवाल ने 15 नवंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि घर से बाहर लौटने पर उन्होंने घर के ताले टूटे और कमरों की अलमारियां खुली थीं। चोरी में सोने-चांदी के गहने, चांदी के बर्तन, 32 बोर लाइसेंसी पिस्टल और हाथ की घड़ियां शामिल थीं। थाना मकबूलपुरा के इंचार्ज इंस्पेक्टर जसजीत सिंह ने बताया कि तकनीकी और मैनुअल जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से दो कांटे सोने का सेट, दो मंगलसूत्र, एक सोने का सिक्का, 400 ग्राम चांदी के बर्तन और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ। आरोपी से पूछताछ जारी है। संवाद