किसानों, किसान यूनियन के नेताओं ने प्रोजेक्ट पूरा करने की दी सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। प्रशासन के प्रयासों और किसानों द्वारा दी जा रही सहमति के चलते दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे बनने का रास्ता लगभग साफ हो चुका है। डीसी गुरदासपुर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से की गई बैठकों के बाद किसानों, किसान यूनियन के नेताओं ने प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए सहमति दे दी है। जिले के जिन 43 गांवों से यह एक्सप्रेस वे गुजरना है, उनमें से 20 पंचायतों ने लिखित प्रस्ताव डालकर सहमति दी है।
डीसी अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने लगातार किसान यूनियनों के नेताओं और किसानों से बातचीत की। जिसका किसानों की ओर से प्रोजेक्ट संबंधी समर्थन मिला है। किसानों में इस बात के लिए सहमति बनी है कि अगर किसी को जमीन के मिल रहे मुआवजे के मूल्य संबंधी कोई आपत्ति है तो वह आरब्रीट्रेशन के जरिये अपनी अपील दायर करेंगे और इसमें जिला प्रशासन की ओर से किसानों मदद की जाएगी।
डीसी ने कहा कि वह खुद गांवों में किसानों को जाकर मिल रहे है और किसानों की जो आशंकाएं है, उसे दूर किया गया है। जिले की 20 पंचायतों ने दिल्ली कटरा एक्सप्रेस वे के हक में लिखित प्रस्ताव डाले हैं और इन गांवों के किसानों ने ये बात कही है कि उन्हें दिल्ली कटरा एक्सप्रेस वे के लिए जमीन देने में कोई आपत्ति नहीं है। इन गांवों के किसानों का कहना है कि जमीन एक्वायर करते समय अगर कोई व्यक्ति बाहर से आकर हस्तक्षेप करेगा तो उनका विरोध करेंगे।