गांव गालोवाली की घटना, महिलाओं से भी की मारपीट, 6 गाड़ियां तोड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। गांव में नशा तस्करों की गतिविधियों का विरोध करने वाले गालोवाली गांव के सरपंच के घर पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। इस दौरान घर के आसपास छह वाहनों से भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विधानसभा मजीठा हलके के गांव गालोवाली में आम आदमी पार्टी के सरपंच कुलवंत सिंह के घर पर हथियारबंद बदमाशों ने तेजधार हथियारों के साथ हमला कर दिया। सोमवार देर रात जब हमला हुआ तो उस समय सरपंच घर पर ही मौजूद थे। करीब 10 से 12 बदमाश मुख्य गेट से कूदकर अंदर दाखिल हुए, उन्होंने परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट की।
कुलवंत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि इससे पहले 8 फरवरी को भी हमलावरों ने उनके ऊपर दातर से हमला किया था। उन्होंने बताया कि उनके घर के अलावा दो अन्य घरों पर देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किया गया है। बदमाशों ने 6 वाहन भी तोड़े हैं।
सरपंच ने कहा कि गांव में नशा तस्कर बहुत हैं। वह नशा बेचने वालों का विरोध करते हैं, इसी कारण उनके परिवार पर हमला हुआ है। उन्होंने इलाका पुलिस को हमले की सूचना दी है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी जतिंद्रपाल सिंह ने कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्दी ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे, मामला दर्ज कर लिया गया है।