लुधियाना। मेहरबान इलाके में एक युवती को उसकी सहेली के परिवार ने झांसे में घर बुलाया और उसके साथ मारपीट कर अश्लील वीडियो बना डाली। पुलिस के अनुसार आरोपी सहेली की मां पूजा, पिता कमलजीत ददरा, ताया राजू ददराल, चचेरा भाई दारा ददराल और एक अन्य युवक हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जगीरपुर में उसकी सहेली के साथ प्रेम संबंध चल रहे थे जिस पर सहेली के परिवार ने नाराजगी जताई। चार दिन पहले हुई घटना में आरोपी युवती को अपने घर बुलाकर बातचीत के बहाने उस पर हमला कर अश्लील वीडियो बनाया। साथ ही धमकाया कि किसी को कुछ नहीं बताएगी, अन्यथा वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। पीड़िता डर के कारण तुरंत किसी को नहीं बता पाई। परिवार को घटना का पता चलने पर उन्होंने थाना मेहरबान पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ ने बताया कि सभी आरोपी अब भी फरार हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने कहा कि वीडियो और मारपीट से संबंधित सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद