पठानकोट में मंदिर में लगी भक्तों की भीड़।
- फोटो : amarujala
महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों की आस्था ने भय को मात दे दी। सोमवार को सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। देर शाम तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
बीते शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान से आई एक फोन काल ट्रेस की थी। काल में शिव मंदिर को उड़ाने की बात हो रही थी। सुरक्षा एजेंसियों से यह इनपुट मिलने के बाद रविवार की तड़के चटपट बनी के शिव मंदिर में एसएसपी की मौजूदगी में सर्च अभियान चलाया गया था।
सर्च अभियान 12 घंटे के बाद खत्म कर दिया गया। सर्च में पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। शिव मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और हर आने जाने वाले जन को चेक किया जा रहा था। शिवरात्रि पर मंदिर में पंजाब पुलिस और स्वैत टीम मुश्तैद रही। उधर, शहर के बर्फानी मंदिर, काली माता मंदिर, काठगढ़ मंदिर, मुक्तेश्वर धाम, हिलटाप मंदिर में भक्त पूजन के लिए सुबह से ही पहुंचने लगे।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल चढाकर पूजा अर्चना की। हर ओर जय भोले नाथ जय शिव शंकर के जयकारे गूंज रहे थे। वहीं एसएसपी ने हर मंदिर के बाहर दो वर्दी में और दो सिविल ड्रेस में सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए थे। इसके अलावा पुलिस कर्मचारी सारा दिन मंदिरों के आसपास गश्त करते रहे।