संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने महाराष्ट्र के परभणी जिले के उखलाद गांव में भीड़ द्वारा तीन सिखों की पिटाई की कड़ी निंदा की है। धामी ने कहा कि एसजीपीसी को मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में कृपाल सिंह नाम के एक सिख युवक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य सिख अवतार सिंह और अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना से सिख मानसिकता को गहरी ठेस पहुंची है और पूरे सिख जगत में रोष की लहर है। यह जघन्य अपराध मानवता के नाम पर एक धब्बा है, जिसके दोषी कड़ी से कड़ी सजा के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस इस घटना के सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे और कानून के अनुसार सख्त सजा सुनिश्चित करे।