अमृतसर। दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 354वें प्रकाश पर्व पर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य भवन में सुंदर जलों सजाए गए। गुरु साहिबान के काल के एतिहासिक महत्व के आभूषणों व अन्य वस्तुओं को देखने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर पहली बार सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य भवन के भीतर जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब सुशोभित हैं के साथ-साथ दर्शनी ड्योढ़ी से लेकर मुख्य भवन तक के क्षेत्र को फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालु सविंदर पाल सिंह समेत अमृतसर, दिल्ली व लुधियाना के कई श्रद्धालुओं ने दो ट्रक फूलों की भेंट चढ़ाई थी। इन फूलों को सजाने के लिए राजस्थान, दिल्ली व अमृतसर के कई कारीगर मंगलवार शाम से ही काम में जुट गए थे। श्रद्धालुओं ने कड़ाह प्रसाद की देग भी चढ़ाई। हजूरी रागी सिंहों ने गुरुबाणी कीर्तन कर संगत को गुरु चरणों से जोड़ा। शाम को आतिशबाजी और दीपमाला भी हुई। एसजीपीसी ने देश-विदेश से पहुंची संगत के लिए लंगर में खीर, जलेबी व अन्य मिष्ठान के लंगर लगाए हुए थे।