शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) बहुत जल्द अपनी पार्टी के पदाधिकारियों का एलान करेगा। इसके लिए शिरोमणि अकाली दल (डेमोक्रेटिक) के सुखदेव सिंह ढींढसा और शिरोमणि अकाली दल (टकसाली) के रंजीत सिंह बरहमपुरा बहुत जल्द बैठक करने वाले हैं। पार्टी के प्रवक्ता करनैल सिंह पीर मोहम्मद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों ग्रुप से बनी यह पार्टी पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में अपने पदाधिकारियों की घोषणा करने के साथ ही अपना एजेंडा, राजनीतिक और धार्मिक विजिन को रखेगी। शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) में सुखदेव सिंह ढींढसा को प्रधान और रंजीत सिंह बरहमपुरा को इसका पेट्रन बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी को अभी तक कोई बड़ा चेहरा नहीं मिला है, लेकिन दूसरे अकाली दलों को इसके साथ जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।