अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित उत्तर प्रदेश के गागन मनोहरपुर गांव में प्रशासन द्वारा सड़क किनारे बने लंगर हॉल और कुछ लोगों के घर तोड़ने का संज्ञान लिया है। एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी के आदेशों पर मामले की जांच करने के लिए सिख मिशन हापुड़ के प्रभारी की ड्यूटी लगाई गई है। एसजीपीसी के मीडिया उपसचिव कुलविंदर सिंह रमदास ने यह जानकारी दी।
कुलविंदर सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के जरिये उत्तर प्रदेश में हुई इस घटना का पता चला था। एसजीपीसी प्रधान के आदेशों मुताबिक उक्त मामले की जांच बृजपाल सिंह करेंगे और रिपोर्ट सौंपेंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वहां काफी संख्या में सिख लंबे समय से बसे हुए हैं और उनके पास जगह का पटानाम, रसीदें और जरूरी दस्तावेज भी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले को तुरंत हल किया जाए।