अमृतसर के प्रसिद्ध व्यापारिक क्षेत्र दाल मंडी में लुटेरे पिस्तौल के बल पर एक दुकानदार बसंता मल राजपाल के मालिक अमित अग्रवाल व वहां खड़े ग्राहक से नकदी छीनकर फरार हो गए है। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीरवार को रात लगभग आठ बजे दुकानदार दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे था। इसी दौरान एक ग्राहक भी सामान लेने के लिए पहुंचा था। इतने में दो नौजवान हाथों में पिस्तौल लेकर दुकान में घुस आए। उन्होंने दुकानदार को पिस्तौल दिखाकर पहले धमकाया, फिर गल्ले में रखा कैश उठा लिया और दुकानदार की जेब में रखा पर्स भी छीन लिया। इसके बाद लुटेरे दुकानदार के काउंटर के सभी दराजों को खोलकर उसमें रखा कैश निकलते गए। काउंटर के साथ खड़ा ग्राहक सहमकर एक कोने में खड़ा हो गया। लुटेरे उसके पास भी पिस्तौल लेकर पहुंच गए और उसकी जेब में रखा बटुआ निकालकर उसमें रखी नकदी छीनकर फरार हो गए। दुकानदार ने मामले की सूचना थाना डी डिवीजन को दी है। अमित ने बताया कि लुटेरे डेढ़ लाख की राशि लूट ले गए हैं। ग्राहक से कितनी लूट हुई है, इसकी जानकारी नहीं है। डी डिवीजन के एसएचओ सतिंदर ने बताया की मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।