अमृतसर। पीपीसीसी के प्रधान व पूर्वी हलके से विधायक पद के उम्मीदवार नवजोत सिंह सिद्धू की बेटी राबिया सिद्धू ने सोमवार को बटाला रोड स्थित राम नगर, कांगड़ा कालोनी और न्यू कांगड़ा कालोनी में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान वे वार्ड नंबर 27 की महिला पार्षद मोनिका शर्मा के घर पहुंचीं। क्योंकि सिद्धू पार्टी में टिकट आवंटन के काम में व्यस्त हैं तो राबिया ने पिता के विधानसभा हलके में चुनाव प्रचार का जिम्मा संभाल रखा है। इस दौरान उन्होंने अपने पिता के पंजाब माडल पर बात की और लोगों से सोचने-समझने के बाद ही अपने वोट का इस्तेमाल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके पिता पंजाब माडल के जरिये प्रदेश के युवाओं के लिए बेहतर शिक्षा और रोजगार लाना चाहते हैं। उनके पिता पंजाब माडल के बारे में अगले कुछ दिनों में खुलासा करेंगे। उन्होंने अपने पिता के पंजाब माडल पर कहा कि यह एक-दो दिन में तैयार नहीं हुआ। इसके पीछे एक लंबी रिसर्च है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना ही उन पर तंज कसा और कहा कि पंजाब माडल दिल्ली जैसा नहीं होगा। क्योंकि दिल्ली के लोग अलग हैं और पंजाब के लोग अलग।