अमृतसर/तरनतारन। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने बुधवार सुबह भारत-पाक सीमा से सटे तरनतारन जिले के गांव डल से एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया। गश्त कर रही बीएसएफ की टुकड़ी ने सूचना के बाद पंजाब पुलिस और विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्यों के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया। बीएसएफ के प्रवक्ता के मुताबिक जवान सुबह करीब नौ बजे तरनतारन के गांव डल और इसके आस-पास के इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक खेत में क्वाडकॉप्टर माडल का डीजेआई मेट्रिस 300 आरटीके सीरीज का ड्रोन मिला, जिसे जवानों ने कब्जे में लेने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ड्रोन के साथ और कोई वस्तु बरामद नहीं हुई है। बीएसएफ का सर्च ऑपरेशन वीरवार को भी जारी रहेगा।