संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मंगलवार रात भारतीय सीमा में घुसे एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पाकिस्तानी नागरिक ने अमृतसर के करीमपुरा गांव के पास भारतीय सीमा में प्रवेश किया। उसे जवानों ने देख लिया और तुरंत पकड़ लिया गया। गांव करीमपुरा में बीएसएफ के जवान मंगलवार रात को गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें फेंसिंग पर कुछ हरकत दिखाई दी। जब बीएसएफ के जवानों ने आगे बढ़कर देखा, तो एक व्यक्ति भारतीय सीमा में घुस रहा था। बीएसएफ जवानों ने उसे चेतावनी दी, लेकिन आरोपी व्यक्ति भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया। जवानों ने उसे पकड़ लिया गया। मौके पर तलाशी के दौरान उसके पास से 330 रुपये की पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई। आगे की जांच और सीमा पार करने के मकसद की जानकारी के लिए घुसपैठिये को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।