गुरुद्वारा किला श्री लोहगढ़ साहिब में 11 जून को होगा कार्यक्रमसंवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। मुगल सेना के साथ पहले युद्ध में छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी की जीत की याद में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, निहंग सिंह संगठनों, सभा सोसाइटी और संगत के सहयोग से 11 जून को गुरुद्वारा किला श्री लोहगढ़ साहिब में गुरमति कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी से विशेष नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत के समय श्री हरिमंदिर साहिब के अतिरिक्त ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी बलविंदर सिंह, दल पंथ बाबा बिधि चंद संप्रदाय के मुखी बाबा अवतार सिंह सुरसिंह, श्री अकाल तख्त साहिब के प्रमुख ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह, श्री हरिमंदिर साहिब के मैनेजर सतनाम सिंह मंगसराय, बाबा सुखविंदर सिंह भूरीवाले समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अरदास के बाद पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूप को सिंह साहिब ज्ञानी बलविंदर सिंह ने सुशोभित किया। नगर कीर्तन से पहले पंज प्यारे साहिबों, निशांची सिंहों और प्रमुख हस्तियों को सिरोपे दिए गए। निहंग सिंह घोड़ों के साथ नगर कीर्तन में शामिल हुए, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। रास्ते में जगह-जगह नगर कीर्तन का लोगों ने खूब स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब के मैनेजर सतनाम सिंह मंगसराय ने बताया कि किला श्री लोहगढ़ साहिब में लड़े गए प्रथम युद्ध में छठे पातशाह की विजय की स्मृति में 11 जून को गुरुद्वारा किला श्री लोहगढ़ साहिब में गुरमति समारोह होगा, जिसमें प्रसिद्ध रागी, ढाडी, कविशर जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया जाएगा। कथावाचक को गुरुजस का श्रवण करवाएंगे। इस अवसर पर ग्रंथी भाई निर्मल सिंह, ग्रंथी भाई सुखविंदर सिंह, प्रबंधक नरिंदर सिंह, सहायक प्रबंधक जसबीर सिंह, बलविंदर सिंह,कुलदीप सिंह पंडोरी सहित बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।