संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जम्मू में कटरा के झझर कोटली के पास मंगलवार को सुबह पुल पर हुए हादसे में मारी गई ललिता और उसके आठ वर्षीय बेटे कृष का शुक्रवार को श्री दुर्गियाना मंदिर के पास स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका का पति मुकेश अपनी पत्नी और बेटे के अंतिम बार दर्शन नहीं कर सका। विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह और सांसद गुरजीत सिंह औजला की माता जागीर कौर पीड़ित परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
गौर हो कि मंगलवार को अलसुबह कटरा के पास पुल पर बस पलटने के बाद उसमें सवार दस लोगों की मौत हो गई थी। जबकि हादसाग्रस्त बस के कई यात्री अब भी जम्मू के मेडिकल कालेज में उपचाराधीन है। ललिता और उसके आठ वर्षीय बेटे कृष की इस हादसे में मौत हो गई थी, जबकि पति मुकेश और बड़ा बेटा प्रिंस (12) जम्मू के मेडिकल कालेज में उपचाराधीन है। मुकेश अपनी पत्नी और छोटे बेटे कृष का अंतिम बार दर्शन भी नहीं कर सका।
उल्लेखनीय है कि तीस मई को कटरा के पास खाई में बस गिरने से अमृतसर और बिहार के दस लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में करीब 60 यात्री जख्मी हो गए थे। सात शव बिहार के लखीपुर जिले में भेजे गए थे। जबकि बस चालक और परिवार के दो सदस्य ललिता और उसके बेटे कृष के शवों को अमृतसर लाया गया। और आज कृष और ललिता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पारिवारिक सदस्यों और सभी रिश्तेदारों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था।