संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। स्कूटर टकराने के विवाद में युवकों ने सोमवार आधी रात दूसरे युवक के घर पर जाकर फायरिंग की। पीछा करने पर उन्होंने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मोहकमपुरा थाना पुलिस ने आरोपियों की पहचान के बाद करीब आधा दर्जन हमलावरों पर हत्या के प्रयास व असलहा एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है।
जानकारी के मुताबिक जोड़ा फाटक में सोमवार शाम को स्कूटर टकराने पर धर्मपुरा इलाके के बलविंदर सिंह का मोहित महाजन से झगड़ा हो गया। आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर दोनों को घर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद मध्यरात्रि करीब 12 बजे एक्टिवा पर सवार दो युवक धर्मपुरा में बलविंदर सिंह के घर के बाहर पहुंचे और उसके घर पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। उसके कुछ साथी पीछे गाड़ियों में आए थे। इसके बाद बलविंदर ने हमलावरों का पीछा किया। इस पर युवक ने अपने साथियों के साथ फिर से बलविंदर पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक गोली बलविंदर के बाएं कूल्हे पर लगी और एक गोली उसे छूकर निकल गई। इस समय तक बलविंदर के पड़ोसी मौके पर पहुंच गए तो हमलावर फरार हो गए।
कोटे्स----------
सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान मोहित महाजन के रूप में हुई है। आरोपी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
शमिंदरजीत सिंह, जांच अधिकारी व मोहकमपुरा थाना प्रभारी