संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सीआईए स्टाफ अमृतसर सिटी पुलिस ने गैंगस्टर बिल्ला तोला नंगल को पिस्तौल और कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी जेल में सजा काट रहा है, और कुछ दिन पहले ही पैरोल पर बाहर आया था। बिल्ला के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह विदेश यात्रा भी कर चुका है।
सीआईए स्टाफ अमृतसर सिटी के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमोलकदीप सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी गैंगस्टर सुखजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला तोला नंगल के पास अवैध हथियार है। वह किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। शनिवार की रात को डीएवी कॉलेज के नजदीक गोदाम मोहल्ला के बाहर मौजूद था। उनकी टीम ने बिल्ला को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर 32 बोर का पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में केस दर्ज करके पूछताछ की जा रही है।