सिक्योरिटी गार्ड सतवीर की फाइल फोटो
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर के रंजीत एवेन्यू के बी ब्लाक स्थित बेस्ट वेस्टर्न होटल में सिक्योरिटी गार्ड की सोमवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल प्रबंधकों ने दवा किया कि सतवीर सिंह की मौत लिफ्ट में फंसने से हुई है। परिवार के सदस्य होटल प्रबंधकों के इस दावे से सहमत नहीं हैं। पुलिस थाना रंजीत एवेन्यू के एसएचओ रोबिन हंस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी है। एसीपी सरबजीत ने होटल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। सतबीर की मौत के कई घंटे बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने होटल में कार्यरत कर्मचारियों व मैनेजर के बयान दर्ज किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजे उन्हें होटल के एक कर्मचारी का फोन आया, जिसने कहा कि सतबीर का एक्सीडेंट हो गया है। फोन करने वाले ने बताया कि सतबीर को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। एक्सीडेंट कैसे हुआ और किससे हुआ इस बारे में किसी को नहीं बताया गया। सतबीर की टांग तीन जगह से टूटी हुई है। जबकि शेष शरीर में कोई चोट के निशान नहीं है।