गुजरात की युवती को आरएसएस से संबंधित संगठन विरसा संभाल मोर्चा और रुद्र शिव सेना के संयुक्त प्रयासों से सोमवार रात उसके परिजनों के हवाले किया गया।
सूत्रों के मुताबिक गुजरात राज्य के गांधी नगर की एक युवती फेसबुक पर जम्मू-कश्मीर के एक युवक के संपर्क में आई। लड़के ने उसे शादी करने के लिए कहा, मगर लड़की के परिजनों ने दूसरी धर्म में अपनी बेटी की शादी करने से मना कर दिया। लड़की घर से भागकर जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गई और रविवार को अमृतसर रेलवे स्टेशन पहुंच गई। स्टेशन के बाहर उसने एक दुकान पर चाय पीने के बाद दुकानदार से अपने फोन पर अपने घर बात करवाने को कहा। लड़की के जाने के बाद वापस कॉल आई कि पास में कोई थाना है तो तुरंत उनकी बात करवा दें। इस पर दुकानदार आरपीएफ थाने पहुंचा और वहां मौजूद एएसआई जैल सिंह के साथ बात करवा दी। पता चला कि लड़की बिना बताए ही घर से भागकर इधर आई है। उन्होंने गांधी नगर के पुलिस थाने में सूचना दी। आरपीएफ की महिला मुलाजिमों ने लड़की को रेलवे स्टेशन पर ही पकड़ लिया। एसडीएम विकास हीरा के साथ संपर्क कर युवती को नारी निकेतन में भेजा गया और इसके अगले ही दिन युवती की माता के यहां पहुंचने पर जिला प्रशासन ने उसके हवाले कर दिया।