तरनतारन। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित डिफेंस ड्रेन की मोर्चाबंदी पर लगाए गए लोहे के दरवाजे व अन्य सामान चोरी हो गया। चोरी का यह मामला उस समय सामने आया, जब सीमा पर तैनात बीएसएफ की बटालियन का तबादला हुआ। नई बटालियन ने चार्ज संभालने के बाद जब क्षेत्र का जायजा लिया तो वहां से सामान चोरी पाया गया। इस मामले में थाना खालड़ा में केस दर्ज किया गया है। भारत-पाक सीमा पर सेक्टर खालड़ा के पास माड़ी मेघा से खालड़ा को जाती डिफेंस ड्रेन पर बीएसएफ की पक्के तौर पर मोर्चाबंदी है। इस मोर्चाबंदी पर फौज व बीएसएफ के जवान उस समय तैनात होते हैं, जब सीमा पर तनाव की स्थिति होती है। डिफेंस ड्रेन की मोर्चाबंदी के बीच वाले रास्तों पर लोहे के दरवाजे लगाए गए थे। एक साल से खेमकरण सेक्टर में तैनात बीएसएफ की 103 बटालियन का यहां से दूसरी जगह तबादला हो गया है। इसके बाद सीमा पर नई बटालियन की तैनाती की गई। पुरानी बटालियन से जब नई बटालियन चार्ज ले रही थी तो डिफेंस ड्रेन का भी दौरा किया गया। बीएसएफ के रिकार्ड में डिफेंस ड्रेन पर स्थित पक्के मोर्चो पर लगाए गए 63 डोर प्लेट, 25 लूप होल व अन्य प्रकार का लोहे का सामान गायब पाया गया। गोरखा रेजिमेंट अंबाला कैंट से संबंधित सूबेदार शेर बहादुर कंवर ने थाना खालड़ा की पुलिस को लिखित शिकायत दी। इसके बाद सब डिवीजन भिखीविंड के डीएसपी राजबीर सिंह, थाना खालड़ा के प्रभारी तरसेम सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना खालड़ा में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है की आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जायगा।