संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (एसजीआरडी), राजासांसी पर एयर इंटेलिजेंस विंग के अधिकारियों ने अंडर गारमेंट में पेस्ट के रूप में लाए 38 लाख रुपये कीमत सोने को पकड़ा है। कस्टम विभाग की एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंटेलिजेंस टीम ने सूचना के बाद रविवार की रात एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए दुबई से लाए गए सोने को कब्जे में लेकर आरोपी यात्री के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
कस्टम प्रवक्ता के मुताबिक एयर इंटेलिजेंस टीम के अधिकारियों को सूचना थी कि दुबई की फ्लाइट से आने वाला एक यात्री एक खास तरह की मोड्स आपरेंडी अपना कर सोने को पेस्ट रूप में अपने अंडर गारमेंट में छुपाकर भारत में ला रहा है। रविवार को एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या आईएक्स 192 ने दुबई से उड़ान भरने के बाद देर शाम अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड किया।
कस्टम अधिकारियों ने यात्रियों के सामान की चेकिंग की, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। अधिकारियों ने उक्त मोड्स आपरेंडी को ध्यान में रखते हुए दुबई से भारत पहुंचे कुछ यात्रियों की जांच शुरू कर दी । जिसमें एक यात्री के अंडर गारमेंट की जांच की तो उनके अंदर से पेस्ट के रूप में 24 कैरेट पियुरिटी वाला 623 ग्राम सोना मिला। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में बरामद सोने की कीमत 38 लाख रुपये आंकी गई। जिसे अधिकारियों ने जब्त कर लिया और आरोपी यात्री के खिलाफ कस्टम एक्ट 1962 की धारा 110 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।