संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। फाॅरेन रीजनल रजिस्ट्रेशन आफिस (एफआरआरओ) ने अमृतसर के एक स्पा सेंटर में गैर कानूनी काम कर रही पांच थाई लड़कियों को डिपोर्ट किया है। इसके साथ ही एफआरआरओ दफ्तर के अधिकारी ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन की ओर से इस स्पा सेंटर के संचालकों के खिलाफ 14 फाॅरेन एक्ट के तहत केस भी दर्ज करवाया गया है।
ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन इंस्पेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने कैंटोनमेंट पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लोहारका रोड पर स्थित रोज गार्डन के एससीओ-3 की दूसरी मंजिल पर स्थित एक स्पा सेंटर में थाई लड़कियां गैर कानूनी काम करती हैं। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उक्त जानकारी सही पाई गई। उन्होंने पाया कि हनी और रंजीत सिंह उर्फ कुलजीत सिंह के सपा सेंटर में थाईलैंड से यहां भारत घूमने आई पांच लड़कियां गैर कानूनी काम कर रही हैं। इसके बाद स्पा सेंटर में दबिश देकर थाई लड़कियों के पासपोर्ट जब्त करने के बाद उन्हें थाईलैंड डिपोर्ट कर दिया गया। साथ ही स्पा सेंटर के उक्त दोनों संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की भी शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने बताया कि एफआरआरओ के अधिकारी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया और जल्द ही स्पा सेंटर के उक्त दोनों संचालकों के खिलाफ 14 फाॅरेन एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।